सूबेदारगंज समर कैंप पहुंचीं जोत्सना पांडे कुसुमाकर, बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक गतिविधियों की सराहना

प्रयागराज। भारत स्काउट एवं गाइड तथा उत्तर मध्य रेलवे के सूबेदारगंज ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप में मंगलवार को जोत्सना पांडे कुसुमाकर का आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

15 जून से 4 जुलाई 2026 तक चल रहे इस समर कैंप में कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट एवं गाइड की उपाध्यक्ष आयुषी भटनागर की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। स्काउटिंग परंपरा के अनुसार मुख्य अतिथि का स्कार्फ पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद कैंप में शामिल बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कैंप भ्रमण के दौरान श्रीमती जोत्सना पांडे कुसुमाकर ने बच्चों द्वारा संचालित विभिन्न रचनात्मक और शैक्षिक गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की बनाई गई कला एवं शिल्प, फैब्रिक वर्क और अन्य हस्तकला कृतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को लगातार सीखते रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजन टीम की भी सराहना की। उत्तर मध्य रेलवे की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री मंजू जोशी ने किया। इस अवसर पर रवि कान्त शर्मा, शिशु पाल यादव सहित कई स्काउट-गाइड लीडर्स और स्वयंसेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।