इज्जतनगर मंडल में राजभाषा समीक्षा बैठक आयोजित, कार्यालयों में हिंदी के शत-प्रतिशत प्रयोग पर जोर

इज्जतनगर मंडल में राजभाषा समीक्षा बैठक आयोजित, कार्यालयों में हिंदी के शत-प्रतिशत प्रयोग पर जोर

बरेली,पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में मार्च 2026 तिमाही की राजभाषा प्रगति समीक्षा बैठक एवं हिंदी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की।

बैठक की शुरुआत अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जहां कहीं अंग्रेजी का प्रयोग हो रहा है, वहां नियमों के अनुसार हिंदी अथवा द्विभाषी प्रयोग सुनिश्चित कराया जा रहा है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि इज्जतनगर मंडल में हिंदी के प्रयोग का सकारात्मक वातावरण है और अधिकांश कार्यालयी पत्राचार तथा टिप्पणियां हिंदी में की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी एक सरल, सशक्त और प्रभावी भाषा है, जिसे दैनिक कार्यों में अधिक से अधिक अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने सभी कार्यालयी कार्यों का शत-प्रतिशत निष्पादन हिंदी में करने का आह्वान किया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को हिंदी का ज्ञान बढ़ाने के साथ-साथ उसका नियमित और प्रभावी प्रयोग भी सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा नीति का पूर्ण पालन हो सके।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. श्यामपाल सिंह मौर्य ने महान साहित्यकार विष्णु प्रभाकर के साहित्य और व्यक्तित्व पर विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि साहित्य, संगीत और कला मानव जीवन को संवेदनशील और समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय अस्मिता और एकता की आधारशिला है तथा कार्यालयों और तकनीकी कार्यों में हिंदी का व्यापक प्रयोग ही राजभाषा के वास्तविक विकास का आधार बनेगा।

कार्यक्रम में मंडल के सभी शाखा अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी श्री बबलू ने किया।