कोरबा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, कन्हैया राठौर बने कार्यकारिणी सदस्य

युवा कार्यकर्ता कन्हैया राठौर को संगठन में मिली अहम जिम्मेदारी, नई टीम से संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा

कोरबा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से कोरबा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में कन्हैया राठौर को ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है।

नई कार्यकारिणी का गठन कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पालूराम साहू द्वारा किया गया है।

ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू ने बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है।

कन्हैया राठौर को कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनकी सक्रियता और संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा तथा वे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि शहर की चारों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की नई कार्यकारिणी संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगी और आगामी चुनावी एवं संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेगी।

Citiupdate के लिए समीर खूंटे की रिपोर्ट...