शादी का झांसा देकर 9 साल तक शारीरिक शोषण का आरोप, बालको निवासी युवक गिरफ्तार

CITIUPDATE NEWS(संतोष सारथी)कोरबा/बालको थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार संजय नगर बालको निवासी 31 वर्षीय महिला ने 21 जून 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसके मोहल्ले में रहने वाले राजेन्द्र सिंह गोंड ने वर्ष 2017 में उससे प्रेम संबंध स्थापित किया और शादी का वादा किया।
शिकायत के मुताबिक 12 सितंबर 2017 को आरोपी ने अपने घर बुलाकर शादी करने का आश्वासन देते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद वर्ष 2017 से मई 2026 तक आरोपी लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।
महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया तथा कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
शिकायत के आधार पर बालको पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी राजेन्द्र सिंह गोंड (31 वर्ष), निवासी सेक्टर-02 संजय नगर बालको से पूछताछ की गई।