माधोटांडा क्षेत्र के रमपुरा फकीरे में कथित धर्मांतरण के आरोप पर हंगामा, चार लोग हिरासत में

पीलीभीत। थाना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम रमपुरा फकीरे में कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने माधोटांडा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोग झाड़-फूंक, भूत-प्रेत और टोटकों के नाम पर ग्रामीणों को प्रभावित कर धर्मांतरण कराने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत में लखीमपुर खीरी निवासी विट्टू सनम, उसके पति विनोद पुत्र दुल्लू, आशीष सक्सेना समेत अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। आरोप है कि कथित चमत्कारों और झाड़-फूंक के माध्यम से भोले-भाले ग्रामीणों को अपने प्रभाव में लेकर उनका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
हालात बिगड़ते देख पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।