हरदोई में हेड कांस्टेबल पर दूसरी शादी, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, इंसाफ न मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी

हरदोई। गाजियाबाद निवासी अंशु चौधरी ने हरदोई में क्राइम ब्रांच में तैनात हेड कांस्टेबल सागर चौधरी पर बिना वैधानिक तलाक दूसरी शादी करने, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़िता ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, अंशु चौधरी का विवाह 19 नवंबर 2013 को सागर चौधरी से हुआ था और उनका एक पुत्र भी है। आरोप है कि वर्ष 2021 से सागर चौधरी, उनकी मां बृजेश देवी, पिता दलवीर चौधरी, भाई विकास चौधरी और दीपेंद्र चौधरी द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। पीड़िता ने पारुल पांडेय, उनकी मां राजेश्वरी पांडेय तथा भाई आर्यन पांडेय पर भी उत्पीड़न, धमकी और साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
अंशु चौधरी का दावा है कि सागर चौधरी ने बिना तलाक पारुल पांडेय से दूसरी शादी कर ली है, जिनसे एक बच्ची भी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके और उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2021 से कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने बताया कि वह दो दिनों से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह अपने पुत्र के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करेगी और पानी भी न पीएगी और आत्महत्या कर लेगी।