आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ रेलवे ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल, महाप्रबंधक अमिताभ ने किया लोकार्पण

जोधपुर,उत्तर पश्चिम रेलवे ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डी.एस. कॉलोनी स्थित रेलवे ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा वातावरण देने की दिशा में बड़ी पहल की है। शनिवार को रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने विद्यालय के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा अंजु विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

विद्यालय के नवीनीकरण के तहत अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक पुस्तकालय और आकर्षक शैक्षणिक वातावरण विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने की।

समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में अंजु ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है तथा बच्चों को आधुनिक शिक्षा वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, जोधपुर मंडल के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।

मुख्य अतिथि महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि किसी भी देश की वास्तविक प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यालय के शानदार नवीनीकरण कार्य और सफल आयोजन के लिए रेलवे टीम की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 50 हजार रुपये के विशेष नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के नवीनीकरण कार्य में योगदान देने वाले रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक दायित्व निभाने और बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर भविष्य देने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।