यात्रियों के लिए खुशखबरी: जोधपुर-चेन्नई के बीच शनिवार से चलेगी समर हॉलीडे स्पेशल ट्रेन, पांच ट्रिप का होगा संचालन

यात्रियों के लिए खुशखबरी: जोधपुर-चेन्नई के बीच शनिवार से चलेगी समर हॉलीडे स्पेशल ट्रेन, पांच ट्रिप का होगा संचालन

जोधपुर। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने राजस्थान और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेल प्रशासन द्वारा जोधपुर से चेन्नई के बीच विशेष साप्ताहिक समर हॉलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन शनिवार 27 जून से शुरू किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेन कुल पांच ट्रिप के लिए चलाई जाएगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04815 जोधपुर-चेन्नई बीच साप्ताहिक समर हॉलीडे स्पेशल का संचालन 27 जून से 25 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार रात 9:20 बजे जोधपुर से रवाना होकर सोमवार रात 8 बजे चेन्नई बीच स्टेशन पहुंचेगी।

वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04816 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर समर हॉलीडे स्पेशल का संचालन 30 जून से 28 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार शाम 5:15 बजे चेन्नई से रवाना होकर गुरुवार रात 8:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन कुल 19 आईसीएफ कोच के साथ संचालित होगी। ट्रेन की रैक संरचना में 2 सेकंड एसी कोच, 15 थ्री टियर एसी कोच और 2 एसएलआर कोच शामिल किए गए हैं। पूरी ट्रेन एसी श्रेणी की होने से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में अधिक आरामदायक सुविधा मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 29 स्टेशनों पर ठहरेगी। इनमें मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, बारा, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, वारंगल, विजयवाड़ा, नेल्लौर, गुडूर और नयाडुपेटा सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और राजस्थान से दक्षिण भारत के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनेगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि यह विशेष सेवा छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।