जोधपुर रेल मंडल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

जोधपुर। भारतीय रेल के जोधपुर रेल मंडल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेलवे स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों, उनके परिवारजनों एवं आम नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुई। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चले योग शिविर का संचालन रोटरी क्लब जोधपुर गरिमा की अध्यक्षा श्रीमती कावेरी बजाज एवं उनकी टीम ने किया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में करीब 800 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें लगभग 300 रेलकर्मी, अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष तथा 500 रोटरी क्लब सदस्य, स्थानीय नागरिक, बच्चे और रेलकर्मियों के परिवारजन शामिल रहे।

इस दौरान सुश्री लेखिका चौधरी ने योग कला का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया। योगाचार्यों ने दैनिक जीवन और कार्यस्थल पर अपनाई जा सकने वाली सरल एवं प्रभावी योग क्रियाओं की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अशोक चौधरी, मंडल चिकित्सा अधिकारी गुलाब सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी अमृत मीणा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी एवं ट्रेड यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। इस अवसर पर योग गुरु एवं योगाचार्यों को जोधपुर रेल मंडल की ओर से सम्मानित किया गया। आयोजित लकी ड्रा में रेलवे स्टेडियम के खेलकूद प्रभारी वीरेन्द्र सिंह विजेता रहे, जिन्हें साइकिल पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।