दिवा स्टेशन पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए विशेष ब्लॉक, कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

दिवा स्टेशन पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए विशेष ब्लॉक, कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा दिवा रेलवे स्टेशन पर नए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य के तहत 22 और 23 जून की मध्यरात्रि विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक स्टेशन के दक्षिणी छोर पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए गर्डर लॉन्चिंग कार्य के चलते किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह विशेष ब्लॉक 22/23 जून 2026 की रात 12 बजकर 10 मिनट से सुबह 4 बजकर 10 मिनट तक लागू रहेगा। इस दौरान 300 मीट्रिक टन क्षमता वाली रोड क्रेन की सहायता से गर्डरों की स्थापना की जाएगी।

ब्लॉक के कारण उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ेगा। 23 जून को अंबरनाथ से सुबह 3:43 बजे चलने वाली अंबरनाथ-सीएसएमटी लोकल और सीएसएमटी से सुबह 5:16 बजे चलने वाली सीएसएमटी-अंबरनाथ लोकल पूरी तरह रद्द रहेंगी।

इसके अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। अप फास्ट लाइन और छठी लाइन से गुजरने वाली मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को ब्लॉक अवधि के दौरान कल्याण-ठाणे सेक्शन में स्लो लाइन से चलाया जाएगा।

रेलवे ने बताया कि दादर-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस (11003), जो 23 जून को रात 12:05 बजे रवाना होनी थी, अब सुबह 4 बजे प्रस्थान करेगी।

कुछ डाउन दिशा की ट्रेनें जैसे एलटीटी-पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस, एलटीटी-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस और एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को मुलुंड और कल्याण के बीच वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा।

इसी प्रकार अप दिशा में चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें जैसे बलिया-दादर स्पेशल, शालीमार-एलटीटी ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-सीएसएमटी कोणार्क एक्सप्रेस, हैदराबाद-सीएसएमटी हुसैन सागर एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को भी कल्याण से ठाणे के बीच स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यह ब्लॉक रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और असुविधा के लिए सहयोग करें।

डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि यह कार्य भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।