मैनपुरी फर्जी वसीयत से करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप।

मैनपुरी फर्जी वसीयत से करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप।

मैनपुरी - मैनपुरी में पुश्तैनी जमीन को लेकर फर्जी वसीयत का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी दिवंगत दादी के नाम दर्ज करोड़ों की जमीन को हड़पने के लिए फर्जी वसीयत तैयार कर राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज करा लिया गया। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

मामला मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के ग्राम डबरा, मौजा रतिभानपुर का है। शिकायतकर्ता मनमोहन सिंह ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी दादी देव कुंवरी के नाम कई गाटों में कृषि भूमि दर्ज थी। वर्ष 2014 में उनकी मृत्यु के बाद उत्तराधिकार के आधार पर यह भूमि मनमोहन, उनके भाइयों और चाचा के नाम दर्ज हो गई थी,शिकायत के अनुसार वर्ष 2021 में अचानक राजस्व अभिलेखों में आगरा जिले के बाह तहसील निवासी अतुल, राहुल और रोहित के नाम दर्ज हो गए। आरोप है कि इन लोगों ने जालसाजी कर फर्जी वसीयत तैयार कराई और उसी के आधार पर जमीन अपने नाम दर्ज करा ली। पीड़ित का आरोप है कि 24 दिसंबर 2013 को बाह तहसील में किसी दूसरी महिला को उनकी दादी बताकर उसका फोटो लगाकर फर्जी वसीयत तैयार कराई गई। इतना ही नहीं, वसीयत पर अंगूठे का निशान भी फर्जी तरीके से लगवाया गया। जबकि उस समय उनकी दादी आगरा गई ही नहीं थीं और वे लगातार परिवार के साथ मैनपुरी में रह रही थीं।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की गहन जांच कराने, फर्जी वसीयत तैयार कराने वाले आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।