लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों का बदला मार्ग, यात्रियों के लिए जरूरी सूचना जारी

लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों का बदला मार्ग, यात्रियों के लिए जरूरी सूचना जारी

उत्तर रेलवे द्वारा लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कोनकोर्स लॉन्चिंग कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते रेल यातायात अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्य के कारण कई रेल सेवाओं को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 15269 मुजफ्फरपुर-साबरमती रेलसेवा जो 25 जून 2026 को मुजफ्फरपुर से रवाना होगी, वह अपने निर्धारित मार्ग की बजाय मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर मार्ग से संचालित की जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन लखनऊ स्टेशन पर नहीं रुकेगी, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए ऐशबाग और बादशाह नगर स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।

इसी तरह गाड़ी संख्या 19410 गोरखपुर-अहमदाबाद रेलसेवा जो 27 जून 2026 को गोरखपुर से प्रस्थान करेगी, उसे भी परिवर्तित मार्ग मल्हौर-ऐशबाग-मानकनगर से चलाया जाएगा। यह ट्रेन भी लखनऊ स्टेशन पर नहीं रुकेगी और ऐशबाग व बादशाह नगर स्टेशन पर ठहराव करेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 12555 गोरखपुर-बठिंडा रेलसेवा जो 24 जून से 27 जून 2026 तक गोरखपुर से चलेगी, उसका मार्ग भी बदला गया है। यह रेलसेवा भी निर्धारित मार्ग की जगह परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी, लेकिन ऐशबाग और बादशाह नगर स्टेशन पर यात्रियों के लिए ठहराव रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निर्माण कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।