डिजिटल रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं व दस्तावेज लेखकों ने सौंपा ज्ञापन

डिजिटल रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं व दस्तावेज लेखकों ने सौंपा ज्ञापन

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आगामी 1 जुलाई 2026 से लागू की जाने वाली ई-पंजीकरण (डिजिटल रजिस्ट्री) व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को मुरादाबाद के अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप विक्रेताओं और टाइपिस्टों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को संबोधित ज्ञापन मंत्री प्रतिनिधि एवं पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि चौधरी को सौंपा।

ज्ञापन में बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद तथा दस्तावेज लेखक एसोसिएशन, मुरादाबाद के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की जा रही डिजिटल रजिस्ट्री और ई-पंजीकरण व्यवस्था से अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, स्टांप विक्रेताओं, टाइपिस्टों और मुंशियों के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों और तकनीकी जानकारी से दूर आम नागरिकों को भी इस नई व्यवस्था के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

प्रतिनिधियों ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर तकनीकी खामियां, इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या और पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण में आने वाली दिक्कतों के कारण संपत्ति पंजीकरण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके अतिरिक्त सरकार की प्रस्तावित ?निबंधक मित्र? व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई गई। उनका कहना है कि इससे वर्षों से इस क्षेत्र में कार्य कर रहे हजारों लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की गई कि 1 जुलाई से लागू होने वाली ई-पंजीकरण व्यवस्था, डिजिटल स्टांपिंग प्रणाली, 12 माह तक के किरायानामा एवं पट्टा विलेखों की ऑनलाइन प्रक्रिया तथा निबंधक मित्रों की नियुक्ति संबंधी आदेशों पर पुनर्विचार किया जाए और वर्तमान व्यवस्था को यथावत रखा जाए।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मंत्री प्रतिनिधि रवि चौधरी ने अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को प्रमुखता के साथ कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि संबंधित वर्ग की आजीविका और जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जा सके।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक एसोसिएशन और स्टांप विक्रेता संघ से बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं दस्तावेज लेखक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के महासचिव कपिल गुप्ता, राजीव चौधरी, सचिन शर्मा, विश्वास गुम्बर, आवरण अग्रवाल, बाबू, राजू सैनी, उमेश यादव, सौरभ चतुर्वेदी और अजय पाल सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष रवि चौधरी, गौरव कुमार, अशोक सैनी, डॉ. हनीफ, मोहित ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।