मुरादाबाद में होटलों पर चला अग्नि सुरक्षा चेकिंग अभियान, सीएफओ व अग्निशमन अधिकारी ने किया निरीक्षण

मुरादाबाद। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशों के क्रम में जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न होटलों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

चेकिंग अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान होटलों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य अग्निशमन संसाधनों की जांच की गई।

अधिकारियों ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखें तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। साथ ही कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।