ढाकनी में विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास आयोजित

सारंगपुर। 12वें विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम ढाकनी स्थित शिवाजी पार्क में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नवांकुर संस्था वीर शिवाजी सेवा समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ढाकनी के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

योग प्रशिक्षक एवं समिति सदस्य मुस्कान प्रजापति ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर समिति सदस्य पूजा पाटीदार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग आज वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि आत्मिक उन्नति और अनुशासित जीवनशैली का भी श्रेष्ठ माध्यम है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित रूप से योग करने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।