स्कूल-कॉलेजों एवं कोचिंग संस्थानों के बाहर सारंगपुर पुलिस का हेलमेट जागरूकता अभियान

सारंगपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सारंगपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के तहत नगर के स्कूलों, कॉलेजों एवं कोचिंग संस्थानों के बाहर पहुंचकर पुलिस टीम ने दोपहिया वाहनों से आने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया।पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन रक्षक सुरक्षा कवच है। बिना हेलमेट वाहन चलाने से गंभीर चोट एवं जान-माल की हानि का खतरा बढ़ जाता है।इसलिए प्रत्येक वाहन चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट का उपयोग करना चाहिए।

अभियान के दौरान पुलिस ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा के अन्य नियमों का पालन करने की अपील की।सारंगपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में लोगों को जागरूक कर समझाइश दी जा रही है, लेकिन भविष्य में बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।