ड्यूटी के दौरान आवास पर मरीज देखने का आरोप, अस्पताल व्यवस्था पर उठे सवाल

खुजनेर। राजगढ़ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुजनेर में पदस्थ एक चिकित्सक पर ड्यूटी समय के दौरान अपने सरकारी आवास पर मरीज देखने के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में स्थित आवास पर चिकित्सक द्वारा मरीजों का परीक्षण किए जाने की बात सामने आई है, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि ड्यूटी अवधि में मरीजों को अस्पताल के बजाय चिकित्सक के आवास पर देखा जा रहा था। मामले में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि चिकित्सक अस्पताल परिसर में ही मौजूद हैं और आवश्यकता पड़ने पर मरीज आने की सूचना मिलते ही उन्हें अस्पताल बुला लिया जाता है।

हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर आमजन में असंतोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि ड्यूटी समय में चिकित्सकों की उपस्थिति अस्पताल में ही सुनिश्चित होनी चाहिए ताकि मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े।