ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में बड़ी कामयाबी, मोबाइल चोरी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में बड़ी कामयाबी, मोबाइल चोरी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

नागपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत मोबाइल चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। विशेष अभियान के दौरान नैनपुर रेलवे स्टेशन पर हुई मोबाइल चोरी की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को नैनपुर रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इस मामले में शासकीय रेल पुलिस नैनपुर, मध्यप्रदेश में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेल पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान 16 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी नैनपुर और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने घंसौर क्षेत्र के ग्राम रूपदौन में कार्रवाई करते हुए महेश तुलसीराम परते को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मोबाइल उसने घंसौर स्थित कोहिनूर मोबाइल दुकान से खरीदा था। इसके बाद टीम ने संबंधित दुकान पर दबिश दी, लेकिन दुकान संचालक मौके पर नहीं मिला। लगातार निगरानी और तलाश के बाद 19 जून 2026 को दुकान संचालक अशोक यादव (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर जीआरपी नैनपुर द्वारा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।

यह पूरी कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुन्नवर खुर्शीद के निर्देशन तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिजकार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने बताया कि ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत रेलगाड़ियों और रेलवे परिसरों में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारियों, टिकट निरीक्षक या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।