ऑपरेशन रेल प्रहरी में बड़ी सफलता, संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया, दर्जनों मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद

ऑपरेशन रेल प्रहरी में बड़ी सफलता, संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया, दर्जनों मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद

नागपुर मंडल में चलाए जा रहे ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत रेलवे सुरक्षा बल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के दौरान राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यह विशेष अभियान राज्य पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलगाड़ियों और रेलवे परिसरों में होने वाले गंभीर अपराधों पर रोक लगाना तथा अपराधियों की धरपकड़ सुनिश्चित करना है। यह अभियान मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिजकार के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 20 जून 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव और स्थानीय कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के दक्षिण दिशा स्थित बुकिंग काउंटर के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपना नाम जुलियस खान निवासी जिला पूर्वी मेदनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया। उसके पास मौजूद बैग के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया, जहां बैग की जांच की गई।

जांच के दौरान बैग से 70 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 53 कीपैड मोबाइल फोन, धातु के पायल, कंगन सहित अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद सामान के संबंध में पूछे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज, बिल या स्वामित्व का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका और लगातार भ्रामक जानकारी देता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संदिग्ध व्यक्ति और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस थाना कोतवाली राजनांदगांव को सौंप दिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, रेलगाड़ियों या रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों, टिकट निरीक्षक या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।