दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, रेलकर्मियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

नागपुर। नागपुर मंडल द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को मोतीबाग स्थित रेलवे खेल संघ मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। ?स्वस्थ आयु के लिए योग? विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा विभिन्न रेलवे इकाइयों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलन और योग प्रार्थना के साथ किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्वेता एच.के. छोरिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल, चिकित्सा विभाग, यूनियन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रेल परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

योग सत्र शुरू होने से पहले उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री Narendra Modi का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रसारित विशेष संदेश सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में योग को मानवता के लिए भारत का अमूल्य उपहार बताते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार बताया तथा सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि रेलवे जैसी सतत और चुनौतीपूर्ण सेवा में कार्यरत कर्मचारियों के लिए योग मानसिक शांति, बेहतर स्वास्थ्य और कार्यकुशलता का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस विशाल योग शिविर की खास बात यह रही कि मंडल कार्यालय के कर्मचारियों के साथ-साथ मोतीबाग डीजल शेड, नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन तथा विभिन्न रेलवे इकाइयों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए।

कार्यक्रम में Art of Living Foundation नागपुर के योग प्रशिक्षक राजेश शेट्टी और प्रतिभा शेट्टी ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान सत्रों का संचालन किया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों का अनुभव किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नागपुर मंडल के विभिन्न कार्यालयों, रेलवे संस्थानों और रेलवे स्टेशनों पर भी योग शिविर आयोजित किए गए, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला मंडल सदस्यों और बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

समापन अवसर पर योग प्रशिक्षकों राजेश शेट्टी और प्रतिभा शेट्टी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्वेता एच.के. छोरिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

नागपुर मंडल द्वारा आयोजित यह भव्य योग समारोह स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक जीवनशैली और सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा तथा रेल परिवार को योग के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा दे गया।