ललितपुर स्टेशन पर यार्ड पुनर्निर्माण कार्य के चलते कई रेलगाड़ियों का संचालन प्रभावित, बदले मार्ग से चलेंगी ट्रेनें

ललितपुर स्टेशन पर यार्ड पुनर्निर्माण कार्य के चलते कई रेलगाड़ियों का संचालन प्रभावित, बदले मार्ग से चलेंगी ट्रेनें

रेलवे प्रशासन द्वारा आधारभूत संरचना को मजबूत करने और रेल संचालन को बेहतर बनाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल अंतर्गत ललितपुर स्टेशन पर यार्ड पुनर्निर्माण कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली कुछ महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बीना रेलखंड के बीच स्थित ललितपुर स्टेशन पर होने वाले यार्ड पुनर्निर्माण कार्य के कारण कई एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

इसके अंतर्गत 16 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक अमृतसर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अब मथुरा-बयाना-सोगरिया-रूठियाई-बीना मार्ग से होकर बिलासपुर पहुंचेगी।

इसी प्रकार 20 जुलाई 2026 को हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12808 हजरत निजामुद्दीन-विशाखापट्टनम समता एक्सप्रेस भी मथुरा-बयाना-सोगरिया-रूठियाई-बीना मार्ग से होकर विशाखापट्टनम जाएगी।

वहीं 19 जुलाई 2026 को अमृतसर से चलने वाली गाड़ी संख्या 20808 अमृतसर-विशाखापट्टनम हीराकुंड एक्सप्रेस को भी मथुरा-बयाना-सोगरिया-रूठियाई-बीना-मालखेड़ी मार्ग से संचालित किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा एनटीईएस अथवा 139 हेल्पलाइन से अपनी रेलगाड़ी की सही स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य भविष्य में रेल संचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।