नीट-2026 परीक्षा को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अलर्ट, परीक्षार्थियों के लिए किए विशेष इंतजाम

बिलासपुर,21 जून को आयोजित होने वाली नीट-2026 (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दिन बड़ी संख्या में होने वाले आवागमन को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्रों वाले स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।

परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पंखे, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां बैठने, पेयजल और किफायती भोजन-नाश्ते की व्यवस्था रहेगी।

यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए रेलवे द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां स्काउट्स एवं गाइड्स, वाणिज्यिक कर्मचारी और रेलवे स्टाफ तैनात रहेंगे, जो परीक्षार्थियों को ट्रेन के समय, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराएंगे। वरिष्ठ नागरिकों और अभिभावकों को भी विशेष सहायता दी जाएगी।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सिविल डिफेंस, वाणिज्यिक और परिचालन कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर स्टेशन परिसर और पहुंच मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाएगी। साथ ही पटरियां पार करने जैसी खतरनाक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

रेलवे ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय समेत बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में बनाए गए वार रूम से वरिष्ठ अधिकारी लगातार रेल संचालन और यात्री सुविधाओं की निगरानी करेंगे। जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं, समय से स्टेशन पहुंचे और रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा करें।