दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, हजारों रेलकर्मियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बिलासपुर स्थित न्यू ऑडिटोरियम में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण के बीच भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश उपस्थित रहे। आयोजन का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। गायत्री मंत्र और शंखध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन तथा भारतीय योग संस्थान के सदस्यों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली सम्पूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग है, जो हर व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय और गुणवत्तापूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि रेलवे जैसे विशाल और चौबीसों घंटे सक्रिय संगठन में कर्मचारियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। योग इस दिशा में सबसे सरल, प्रभावी और सुलभ माध्यम है, जिसे हर आयु वर्ग का व्यक्ति आसानी से अपना सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम से भी जुड़े और उनके प्रेरक संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में इसकी भूमिका पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद योगाचार्य एल पी नायक के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और परिवारजनों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सूर्य नमस्कार का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक द्वारा योग संकल्प का वाचन कराया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यशालाओं और विभिन्न रेल संस्थानों में भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों रेलकर्मियों, परिवारजनों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन, अनुशासित जीवन और मजबूत राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।