अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अग्निशमन विभाग में विशेष योग शिविर का आयोजन

मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को अग्निशमन विभाग, मुरादाबाद कार्यालय परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में योग सत्र आयोजित किया गया। उनके साथ मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को निरोग रखने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने योग के महत्व को समझते हुए इसे बेहतर स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। पूरे आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और योग के प्रति प्रेरित करना रहा।

?स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और बेहतर जीवन के लिए योग अपनाएं? के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।