जेठा रेलवे फाटक तीन दिन रहेगा बंद, मरम्मत कार्य के चलते बदलेगा रास्ता

बिलासपुर,दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने सक्ती-बाराद्वार रेलवे सेक्शन में स्थित जेठा समपार फाटक पर वार्षिक मरम्मत कार्य कराने का निर्णय लिया है। इसके चलते समपार संख्या 324 (जेठा फाटक) को तीन दिनों तक निर्धारित समय पर सड़क यातायात के लिए बंद रखा जाएगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह फाटक 20 जून की रात 9 बजे से 21 जून सुबह 6 बजे तक, 21 जून रात 9 बजे से 22 जून सुबह 6 बजे तक और 22 जून रात 9 बजे से 23 जून सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान रेलवे ट्रैक और समपार पर जरूरी मरम्मत एवं रखरखाव का काम किया जाएगा।

यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है। फाटक बंद रहने के दौरान वाहन चालक सकरेली रोड ओवरब्रिज के रास्ते आवागमन कर सकेंगे।

रेल प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर रेल संचालन के लिए यह कार्य जरूरी है।