अम्बाला मंडल में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

अम्बाला। भारतीय रेल के अम्बाला मंडल में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन अम्बाला छावनी स्थित न्यू रेलवे ऑडिटोरियम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के निकट गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने की, जबकि अपर मंडल रेल प्रबंधक देवी सिंह मीणा के संयुक्त नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योग सत्र में भाग लेते हुए योग के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों को आत्मसात करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। सभी कर्मचारियों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अजय सोयल सहित अम्बाला मंडल की विभिन्न शाखाओं के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर भारतीय योग संस्थान, अम्बाला शहर की योग प्रशिक्षण टीम के सदस्यों श्री किशोरी लाल एवं श्री रवि गर्ग को उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।