उत्तर पश्चिम रेलवे में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास एवं नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन

जयपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तर पश्चिम रेलवे में रेलकर्मियों के स्वास्थ्य एवं योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ?स्वस्थ आयु के लिए योग? विषय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम के साथ नशामुक्ति जागरूकता रैली भी आयोजित की गई, जिसे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार जगतपुरा स्थित मिलन सामुदायिक भवन में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में राजस्थान विश्वविद्यालय के योग प्रशिक्षकों एवं राजस्थान राज्य जिला योग संगठन, जयपुर के सहयोग से प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास कराया गया।

इस कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक शिवेंद्र मोहन, विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी, महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा उनके परिवारजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

मुख्यालय स्तर पर ऑर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी संस्थान जयपुर तथा राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के सहयोग से कर्मचारियों को कार्यालय के दौरान किए जा सकने वाले सामान्य योग अभ्यास भी कराए गए, ताकि वे अपने दैनिक कार्य के दौरान भी योग को जीवन का हिस्सा बना सकें।

योग सत्र की शुरुआत अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी द्वारा सभी को नियमित योग करने की शपथ दिलाने के साथ हुई। प्रशिक्षकों ने विभिन्न रोगों में लाभकारी योग क्रियाओं का महत्व समझाते हुए सामूहिक योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं नियमित योग करने के संकल्प के साथ किया गया।

योगाभ्यास सत्र के बाद आयोजित नशामुक्ति जागरूकता रैली को अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक शिवेंद्र मोहन एवं अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली जगतपुरा स्थित मिलन सामुदायिक भवन से शुरू होकर जगतपुरा फाटक, रेलवे कॉलोनी एवं रेलवे स्टेशन परिसर से होकर गुजरी। रैली का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं रेल कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस दौरान स्कूलों के छात्र-छात्राएं, आम नागरिक, रेल कर्मचारी, उनके परिवारजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्काउट-गाइड्स भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न कार्यालयों, स्टेशनों, कारखानों, अस्पतालों एवं स्वास्थ्य इकाइयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विविध योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।