अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अग्निशमन विभाग में विशेष योग शिविर का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अग्निशमन विभाग में विशेष योग शिविर का आयोजन

अलीगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को अग्निशमन विभाग कार्यालय में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में योग सत्र आयोजित किया गया। उनके साथ अग्निशमन अधिकारी तथा विभाग के सभी कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया।

सीएफओ मुकेश कुमार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन और अनमोल धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाता है बल्कि मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है और जीवन में अनुशासन आता है।

कार्यक्रम में मौजूद सभी कर्मचारियों ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभाग की ओर से लोगों को स्वस्थ रहने, फिट रहने और योग के महत्व को समझने का संदेश दिया गया।

करें योग, रहें निरोग के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।