पक्के आवास से दूर होंगी अनेक परेशानियां : सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी कंचनपुर में हितग्राहियों से किया संवाद, आंगनबाड़ी निर्माण कार्य का लिया जायजा

बैकुंठपुर, 20 जून। जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने शनिवार को ग्राम पंचायत कंचनपुर का भ्रमण कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही परिवारों से सीधा संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान डॉ. चतुर्वेदी ने मानमती, शेषमण, दुर्गावती, शांति देवी और देवकुमारी सहित अन्य हितग्राहियों के निर्माणाधीन आवासों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पक्का मकान बनने से परिवारों को सुरक्षा मिलने के साथ जीवन स्तर में भी सुधार होता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से किश्त भुगतान, जियो-टैगिंग एवं अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी लेकर कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने पटेलपारा स्थित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण संबंधी सभी जानकारियां सूचना पटल पर प्रदर्शित करने तथा दो सप्ताह के भीतर भवन निर्माण पूर्ण कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक, मनरेगा के सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं ग्राम पंचायत रोजगार सहायक उपस्थित रहे।