जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल व्यवस्थाओं की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

बैकुंठपुर। कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में आयोजित जीवनदीप समिति की कार्यकारिणी बैठक में जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं वर्षा ऋतु की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान जिला चिकित्सालय की विद्युत व्यवस्था, जल निकासी, बेड की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने तथा उन्हें दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।बैठक में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. आयुष एवं जीवनदीप समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।