सेमरपारा में पुलिया निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बैकुंठपुर। ग्राम पंचायत आमगांव के सेमरपारा के ग्रामीणों ने बरसात के दौरान जलभराव और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर कलेक्टर कोरिया को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिया निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सेमरपारा में लगभग 20 से 25 परिवार निवासरत हैं, जिनके घरों के पास बारिश का पानी बड़ी मात्रा में जमा हो जाता है।ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि क्षेत्र में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में घरों के आसपास जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। इससे कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है और किसी भी समय अप्रिय घटना घटित होने की आशंका रहती है। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन सहित दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की है कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए ग्राम पंचायत आमगांव के सेमरपारा में शीघ्र पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश का पानी सुचारु रूप से निकल सके और ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि पुलिया निर्माण होने से न केवल पानी निकासी की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र में रहने वाले दर्जनों परिवारों को संभावित नुकसान और परेशानियों से भी बचाया जा सकेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।