कोषागार में नवनिर्मित पेंशनर कक्ष का उद्घाटन, मंत्री व डीएम ने किया पौधरोपण

फतेहपुर। पेंशनरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोषागार फतेहपुर परिसर में नवनिर्मित पेंशनर कक्ष का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत पाल सिंह तथा जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मंत्री अजीत पाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनरों के सम्मान, कल्याण और सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नए पेंशनर कक्ष के निर्माण से वरिष्ठ नागरिकों को बैठने, पेयजल एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि शासन पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं उनकी सुविधाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पेंशनर कक्ष का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण प्रखंड फतेहपुर द्वारा लगभग 19.83 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। साथ ही क्रिटिकल गैप्स योजना के अंतर्गत फर्नीचर की व्यवस्था तथा बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अपने सीएसआर फंड से वाटर कूलर उपलब्ध कराया गया है।उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मंत्री एवं जिलाधिकारी ने ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के तहत अशोक का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नु श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, वरिष्ठ कोषाधिकारी योगेश कुमार पाण्डेय, सिविल पेंशनर संघ के जिलाध्यक्ष कालीशंकर श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा पेंशनर संघ के अध्यक्ष रसीद अहमद सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, पेंशनर्स, गणमान्य नागरिक तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।j