NEET-2026 परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी पहल, विशेष ट्रेनें चलेंगी

NEET-2026 परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी पहल, विशेष ट्रेनें चलेंगी

बिलासपुर। NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष रेल सेवाओं के संचालन और अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था करने का फैसला किया है। परीक्षा के दौरान संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

रेलवे द्वारा 20 और 21 जून को कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच चार विशेष मेमू/पैसेंजर ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके तहत गाड़ी संख्या 06801, 06802, 06803 और 06804 का संचालन किया जाएगा, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी।

इसके अलावा छिंदवाड़ा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी तक विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन (08823) भी 21 जून को चलाई जाएगी, जो शाम 6 बजे छिंदवाड़ा से रवाना होकर रात 10:50 बजे इतवारी पहुंचेगी।

रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए हसदेव एक्सप्रेस का भी अस्थायी विस्तार दुर्ग तक कर दिया है। 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस अब दुर्ग तक जाएगी, जबकि 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग से प्रारंभ होकर कोरबा तक संचालित होगी। हालांकि कोरबा-रायपुर के बीच इसके निर्धारित समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 10 ट्रेनों में कुल 40 अतिरिक्त सामान्य (जनरल) कोच लगाने का निर्णय लिया है। इनमें हसदेव एक्सप्रेस, बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस, रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस और टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन ने सभी NEET-2026 अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इन विशेष रेल सेवाओं का लाभ उठाकर समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।