नीट परीक्षार्थियों के लिए रेलवे की विशेष सुविधा, 21 जून को कासगंज-रावतपुर के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने नीट (NEET) 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष रेल सेवा चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने 21 जून 2026 को कासगंज और रावतपुर के बीच परीक्षा स्पेशल सवारी गाड़ी संचालित करने की घोषणा की है।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी 21 जून को सुबह 6 बजे कासगंज स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन रास्ते में गंजडुंडवारा, दरियावगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज, बिल्हौर, बर्राजपुर और मंधना स्टेशनों पर निर्धारित समयानुसार ठहराव करते हुए सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर रावतपुर पहुंचेगी।

वापसी में 05319 रावतपुर-कासगंज परीक्षा विशेष सवारी गाड़ी उसी दिन शाम 7 बजे रावतपुर स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन विभिन्न निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रात 12 बजकर 30 मिनट पर कासगंज स्टेशन पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यह विशेष ट्रेन सेवा नीट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही है, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क विभाग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और यात्रा के लिए समय से स्टेशन पहुंचकर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें। यह पहल छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।