यात्रा से पहले ट्रेन की सही जानकारी अवश्य जांचें, पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से की अपील

यात्रा से पहले ट्रेन की सही जानकारी अवश्य जांचें, पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से की अपील

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधा और उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण अपील जारी की है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले तथा यात्रा के दौरान अपनी ट्रेन की सही और ताज़ा जानकारी केवल रेलवे के आधिकारिक डिजिटल माध्यमों से ही प्राप्त करें।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्री रेलवन तथा राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली जैसे रेलवे के आधिकारिक मोबाइल अनुप्रयोगों और वेबसाइट के माध्यम से अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति, चलने की सही जानकारी, वर्तमान स्थान, आगमन एवं प्रस्थान का संभावित समय, प्लेटफार्म संबंधी जानकारी, मार्ग परिवर्तन, समय परिवर्तन तथा ट्रेन निरस्त होने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।

रेलवे ने बताया कि आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी यात्रियों को अनावश्यक प्रतीक्षा, असुविधा और भ्रम की स्थिति से बचाती है तथा यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद करती है। कई बार विशेष परिस्थितियों में ट्रेनों के संचालन में परिवर्तन किए जाते हैं, इसलिए यात्रियों को किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से आग्रह किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले और सफर के दौरान अपनी ट्रेन की स्थिति केवल रेलवे के अधिकृत माध्यमों पर ही जांचें, ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

जनसंपर्क अधिकारी इज्जतनगर मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे