अर्जुन मौर्या हत्याकांड के हत्यारोपी का एनकाउंटर, पैर मे लगी गोली

बरेली। संजयनगर में हिन्दूवादी नेता राकेश मौर्य के बेटे अर्जुन की हत्या में शामिल अर्पित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस टीमें बाकी हमलावरों की तलाश में जुटी है। सीओ शिवम आशुतोष ने बताया कि 15 जून की रात करीब 11:30 बजे संजयनगर निवासी अर्जुन मौर्या की सिर मे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता ने मोहल्ले के रहने वाले अर्पित मौर्य, कपिल राठौर और कुश कश्यप पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसी समय से पुलिस की चार टीमें आरोपियों को तलाश में जुटी थी। गुरुवार तड़के डोहरा चौराहे पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल अर्पित और कुश हरूनगला रोड के रास्ते भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम हरकत में आ गई और एफसीआई गोदाम के पास भरतौल की ओर से पैदल आते दो युवकों का पीछा किया। पीछा करने पर आरोपी फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षार्थ पुलिस की कार्रवाई में एक के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अर्पित उर्फ पहाड़ी पुत्र शोमेन्द्र मौर्य निवासी संजयनगर के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ मे आरोपी ने पुलिस को बताया कि साथियों के साथ मिलकर दो दिन पहले अर्जुन की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस पर जिस तमंचे से फायरिंग की गई, उसी हथियार का इस्तेमाल अर्जुन की हत्या में किया गया था। घायल अर्पित जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। कोर्ट पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। फरार कुश और कपिल की तलाश में टीमें जुटी है।।