जम्मू मंडल की ऐतिहासिक पहल: रेलवे से देशभर पहुंच रही जम्मू-कश्मीर की चेरी और लीची, बागवानों को मिला बड़ा फायदा

जम्मू मंडल की ऐतिहासिक पहल: रेलवे से देशभर पहुंच रही जम्मू-कश्मीर की चेरी और लीची, बागवानों को मिला बड़ा फायदा

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने वर्ष 2026 में फल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए जम्मू-कश्मीर के बागवानों के लिए बड़ी राहत और नए अवसरों के रास्ते खोले हैं। रेलवे की इस पहल के चलते स्थानीय किसानों और बागवानों की उपज अब तेजी और सुरक्षित तरीके से देश के बड़े बाजारों तक पहुंच रही है, जिससे उनकी आय में सीधा लाभ देखने को मिल रहा है।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस वर्ष जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से करीब 250 टन चेरी की लोडिंग कर उसे मुंबई, वडोदरा और सूरत जैसे बड़े शहरों तक भेजा गया। वहीं पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन से लगभग 10 टन लीची की खेप मुंबई, अहमदाबाद और सूरत के लिए रवाना की गई। यह उपलब्धि जम्मू मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मानी जा रही है।

रेलवे की इस व्यवस्था से सबसे बड़ा फायदा स्थानीय बागवानों और किसानों को मिला है। पहले जहां उत्पाद बेचने में बिचौलियों की भूमिका अधिक रहती थी, वहीं अब किसान सीधे बड़े बाजारों तक अपनी उपज भेज पा रहे हैं और उन्हें उचित दाम मिल रहा है। रेल मालभाड़ा सड़क परिवहन की तुलना में काफी किफायती साबित हो रहा है, जिससे किसानों की लागत कम हुई है और मुनाफा बढ़ा है।

नाशवान फलों जैसे चेरी और लीची के लिए समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। रेलवे की तेज माल ढुलाई सेवा के कारण फल कम समय में बाजार तक पहुंच रहे हैं, जिससे खराब होने की संभावना बेहद कम हो गई है। यही वजह है कि अब जम्मू-कश्मीर की चेरी और लीची की मांग गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में तेजी से बढ़ रही है।

सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने इस उपलब्धि पर कहा कि जम्मू मंडल बागवानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। रेलवे ने चेरी और लीची जैसे नाशवान उत्पादों के लिए विशेष पार्सल वैगन और त्वरित लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था की है, ताकि कम समय और कम लागत में उत्पाद देश के हर कोने तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि रेलवे के जरिए ढुलाई में सड़क परिवहन की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक लागत कम आती है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।

रेलवे की यह पहल प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल अभियान को भी मजबूती दे रही है। जम्मू मंडल ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी किसानों और उत्पादकों को रेलवे मालभाड़ा सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।यह जानकारी राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक द्वारा दी गई।