रतनगढ़-डेगाना रेलखंड में बड़ी उपलब्धि, समपार फाटक पर सड़क अंडर ब्रिज निर्माण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रतनगढ़-डेगाना रेलखंड पर स्थित समपार फाटक संख्या 15 पर सड़क अंडर ब्रिज निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य गुरुवार को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अत्याधुनिक पुशिंग तकनीक के माध्यम से किए गए इस कार्य को बिना रेल संचालन प्रभावित किए सुरक्षित और निर्धारित समय में संपन्न किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य रेल और सड़क दोनों यातायात को अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर यात्रियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। यह परियोजना उसी सोच का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) श्रीचंद पूनिया ने बताया कि सड़क अंडर ब्रिज बॉक्स का आकार 6 मीटर 5 मीटर रखा गया है, जबकि इसकी कुल लंबाई 16.5 मीटर है, जिसे दो खंडों में तैयार किया गया। लॉन्चिंग प्रक्रिया के दौरान प्रीकास्ट स्लैब और उस पर स्थापित स्टील प्लेटों का उपयोग किया गया। पूरे कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया तथा तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में प्रत्येक चरण को सावधानीपूर्वक पूरा किया गया।

लोगों को मिलेगा बड़ा लाभ

सड़क अंडर ब्रिज शुरू होने के बाद समपार फाटक पर सड़क यातायात की निर्भरता कम हो जाएगी और वाहनों की आवाजाही पहले से अधिक सुचारु हो सकेगी। इससे फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले जाम और लंबे इंतजार से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी और रेल संचालन पहले की तुलना में अधिक निर्बाध और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेगा।

यह परियोजना क्षेत्र में सुरक्षित, आधुनिक और विकासोन्मुख परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो भविष्य में आमजन को तेज, सुरक्षित और बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करेगी।