रेलवे अधिकारियों के लिए जोधपुर में बनी आधुनिक व्यायामशाला, मंडल रेल प्रबंधक ने किया उद्घाटन

रेलवे अधिकारियों के लिए जोधपुर में बनी आधुनिक व्यायामशाला, मंडल रेल प्रबंधक ने किया उद्घाटन

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेलवे अधिकारियों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेडियम परिसर में नवनिर्मित आधुनिक व्यायामशाला का उद्घाटन बुधवार को किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने फीता काटकर व्यायामशाला का शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि आज की व्यस्त कार्यशैली में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों का बेहतर होना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह आधुनिक व्यायामशाला तैयार की गई है, जिससे अधिकारियों को नियमित व्यायाम करने के लिए बेहतर सुविधाएं और अनुकूल वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित रूप से फिटनेस गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

मंडल खेलकूद अधिकारी विक्रम सिंह सैनी ने बताया कि नई व्यायामशाला को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है। इसमें अत्याधुनिक और उन्नत व्यायाम मशीनें स्थापित की गई हैं, ताकि अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और वे नियमित रूप से अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकें।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर, मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति सुनील कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर पावर तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर संकेत एवं दूरसंचार अनुपम कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मंडल खेलकूद अधिकारी विक्रम सिंह सैनी ने सभी उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।