मोबाइल फोन छीनने का आरोपी मुठभेड़ मे गिरफ्तार पैर मे गोली लगने से घायल

बरेली। जनपद के थाना सुभाषनगर क्षेत्र मे पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मोबाइल फोन छीनने के आरोपी समीर को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक और हथियार बरामद किए हैं। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। सीओ द्वितीय अंजनी कुमार तिवारी ने बताया कि सुभाषषनगर थाना पुलिस मंगलवार तड़के इलाके में गश्त कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बदमाश बाइक पर घूम रहे हैं। पुलिस ने बरेली-बदायूं रोड पर कामख्या देवी मंदिर के पास घेराबंदी की। संदिग्धों को रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शहर के मोहल्ला जगतपुर का निवासी समीर घायल हो गया। समीर के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अपहरण, चोरी और धोखाधड़ी जैसे अपराध शामिल हैं। उसका एक साथी मुठभेड़ के दौरान बाइक छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। समीर के पास से एक तमंचा, एक कारतूस मिला है। इसके अलावा, छीना गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद हुई है। समीर को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीओ ने बताया कि 12 जून को विशाल नाम का युवक रामगंगा से बरेली आ रहा था। बीडीए गेट के पास मोबाइल फोन पर बात करते समय दो बाइक सवार बदमाशों ने उसका फोन छीन लिया था। इस संबंध में सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी थी।।