कासगंज जंक्शन पर रेलकर्मियों की सतर्कता से दो मासूम बच्चियां सुरक्षित परिजनों से मिलीं

कासगंज जंक्शन पर रेलकर्मियों की सतर्कता से दो मासूम बच्चियां सुरक्षित परिजनों से मिलीं

बरेली,पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान रेलकर्मियों ने सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए दो मासूम बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाने में अहम भूमिका निभाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 09119 में यात्रा कर रही दो नाबालिग बच्चियां अपने परिजनों से बिछड़कर ट्रेन में ही रह गई थीं। इस संबंध में मंडल नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात श्री राजेंद्र मीणा तथा श्री मोहित कुमार, दोनों उप मुख्य टिकट निरीक्षक, तुरंत सक्रिय हो गए और संबंधित ट्रेन में बच्चियों की तलाश शुरू की।

गहन खोजबीन के बाद दोनों बच्चियां ट्रेन के एक सामान्य डिब्बे में सुरक्षित अवस्था में मिलीं। इसके बाद दोनों कर्मचारियों ने बच्चियों को अपने संरक्षण में लेते हुए उन्हें सकुशल रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कासगंज के सुपुर्द कर दिया। आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों बच्चियों को सुरक्षित रूप से उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

इस सराहनीय कार्य ने रेलकर्मियों की सतर्कता, त्वरित कार्यवाही और मानवीय संवेदनशीलता को उजागर किया है। रेल प्रशासन ने दोनों कर्मचारियों की कर्तव्यपरायणता और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि भारतीय रेल केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित एक भरोसेमंद व्यवस्था भी है।