यात्रियों को बड़ी राहत, अजमेर–योगनगरी ऋषिकेश के बीच चलेगी साप्ताहिक विशेष रेलसेवा

यात्रियों को बड़ी राहत, अजमेर योगनगरी ऋषिकेश के बीच चलेगी साप्ताहिक विशेष रेलसेवा

ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने अजमेर और योगनगरी ऋषिकेश के बीच विशेष साप्ताहिक रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेलसेवा यात्रियों को राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के बीच यात्रा में अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09611 अजमेर?योगनगरी ऋषिकेश साप्ताहिक विशेष रेलसेवा 17 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कुल 5 फेरों के लिए संचालित की जाएगी। यह रेलगाड़ी प्रत्येक बुधवार को अजमेर से शाम 7 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी और जयपुर स्टेशन पर रात 9 बजकर 50 मिनट पर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन गुरुवार को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर योगनगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 09612 योगनगरी ऋषिकेश अजमेर साप्ताहिक विशेष रेलसेवा 18 जून 2026 से 16 जुलाई 2026 तक कुल 5 फेरों के लिए चलाई जाएगी। यह रेलगाड़ी प्रत्येक गुरुवार को शाम 5 बजकर 55 मिनट पर योगनगरी ऋषिकेश से रवाना होगी और शुक्रवार सुबह जयपुर स्टेशन पर 6 बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर प्रस्थान कर सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर अजमेर पहुंचेगी।

यह विशेष रेलसेवा मार्ग में किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, खैरथल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली छावनी, दिल्ली, शामली, रामपुर मनिहारान, टपरी, रुड़की और हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष रेलगाड़ी में कुल 18 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 2 द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी, 5 तृतीय वातानुकूलित श्रेणी, 7 शयनयान श्रेणी, 2 साधारण श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। रेलवे का मानना है कि इस विशेष रेलसेवा से ग्रीष्मावकाश में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।