चौबीस घंटे के भीतर छिनैती का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद। जीआरपी फर्रुखाबाद पुलिस ने चलती ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर होने वाली चोरी एवं छिनैती की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छिनैती का सामान बरामद किया है।जीआरपी प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी आरिफ पुत्र जमील खां निवासी भारत नगर, थाना नवाबगंज, जनपद फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ जीआरपी थाना फर्रुखाबाद में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, तीन पीली धातु की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, तीन हाथ घड़ियां, चार बिछुआ, दो जोड़ी पायल तथा 1400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध जीआरपी फर्रुखाबाद में वर्ष 2026 के दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में कानपुर नगर के सजैती थाने में चोरी एवं संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हो चुका है।गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक अजीत कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल धीरज कुमार शामिल रहे।