लखनऊ में व्यापारी संगठन की अहम बैठक, व्यापारियों के हितों पर जोर

फर्रुखाबाद। राजधानी लखनऊ स्थित मैरियाड होटल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न जिलों एवं शहरों के अध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद/पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने संबोधित किया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री बृजेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश अग्रहरि, विजय सिंह बिन्नू, दिनेश गुप्ता, मनोज मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद फर्रुखाबाद से जिला अध्यक्ष सुबोध गुप्ता, मंसाराम, कायमगंज नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह उर्फ पिंटू यादव, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, श्यामू गुप्ता, कायमगंज नगर महामंत्री शैलेश गुप्ता, कम्पिल नगर अध्यक्ष निशांत गुप्ता, विपिन दुबे एवं अधिवक्ता शरद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए नरेश अग्रवाल ने व्यापारियों से संगठन को मजबूत करने और व्यापारी हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं नितिन अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगठन आने वाले समय में व्यापारी हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाएगा।

बैठक के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष नितिन अग्रवाल से उनके आवास पर फर्रुखाबाद-कायमगंज के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान व्यापार संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

साथ ही, संगठन के पदाधिकारियों द्वारा वार्षिक कार्यक्रम के तहत कायमगंज नगर आगमन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर नेतृत्व ने आश्वासन दिया कि मंडलों में बैठकों का क्रम पूर्ण होने के बाद शीघ्र ही जनपद फर्रुखाबाद, कायमगंज का दौरा किया जाएगा।