वैष्णो देवी यात्रियों को बड़ी राहत: जम्मू से दिल्ली जाने वाली 3 ट्रेनों में बढ़ेगा थर्ड एसी कोच, वेटिंग होगी कम

जम्मू। गर्मी की छुट्टियों, श्री माता वैष्णो देवी यात्रा और बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। रेलवे ने जम्मू और कटरा से दिल्ली जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से एक-एक अतिरिक्त थर्ड एसी (3AC) कोच लगाने की घोषणा की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे अधिक यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।

इन ट्रेनों में लगेगा अतिरिक्त 3AC कोच

1. 12426 जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस

जम्मू तवी से 13 जून से 19 जून 2026 तक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा।

2. 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन

16 जून से 20 जून 2026 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा।

3. 22402 शहीद कैप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस (जम्मू तवी-दिल्ली सराय रोहिल्ला)

16 जून से 18 जून 2026 तक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच उपलब्ध रहेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि गर्मी के मौसम में वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं और अवकाश पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने त्वरित कदम उठाते हुए इन ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से वेटिंग लिस्ट कम होगी और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। रेलवे भविष्य में भी यात्रियों की मांग और भीड़ की स्थिति के अनुसार ऐसे कदम उठाता रहेगा।