वैष्णो देवी यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच श्राइन बोर्ड कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक

वैष्णो देवी यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच श्राइन बोर्ड कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने आगामी दिनों में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार 30 जून 2026 तक श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का अवकाश नहीं दिया जाएगा।

श्राइन बोर्ड के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार शर्मा, जेकेएएस द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यात्रा में बढ़ती भीड़ और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी क्षेत्रीय, इकाई एवं विभागीय प्रमुख अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की छुट्टी स्वीकृत नहीं करेंगे।

हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कर्मचारी के सामने कोई अत्यंत आपातकालीन एवं अपरिहार्य परिस्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारी सक्षम प्राधिकारी से दूरभाष, ई-मेल, व्हाट्सएप अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आपातकाल के उचित कारण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

श्राइन बोर्ड प्रशासन का मानना है कि आगामी दिनों में यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, सफाई, चिकित्सा, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध रहना जरूरी है।

यह आदेश मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की स्वीकृति से जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी कर्मचारी इसी उद्देश्य के साथ सेवा में जुटे रहेंगे।