वैष्णो देवी यात्रियों को बड़ी सौगात: हिमसागर और तिरुनेलवेली-कटड़ा एक्सप्रेस में बढ़े अतिरिक्त AC कोच, बढ़ेगी कन्फर्म टिकट की उम्मीद

वैष्णो देवी यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी! हिमसागर और तिरुनेलवेली-कटड़ा एक्सप्रेस में बढ़ेगा सफर का आराम

कटड़ा। गर्मियों की छुट्टियों और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने दक्षिण भारत से कटड़ा आने वाली दो महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाने का फैसला किया है, जिससे हजारों यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।

रेलवे के इस यात्री हितैषी निर्णय के तहत 16317/18 कन्याकुमारी श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा हिमसागर एक्सप्रेस तथा 16787/88 तिरुनेलवेली श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा। इससे दोनों ट्रेनों की कुल क्षमता बढ़ेगी और लंबी वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि हिमसागर एक्सप्रेस देश के सबसे लंबे रेल मार्गों में से एक है, जो कन्याकुमारी से लेकर माता वैष्णो देवी कटड़ा तक हजारों किलोमीटर की दूरी तय करती है। ऐसे में अतिरिक्त एसी कोच जुड़ने से दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अधिक आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि गर्मियों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है तथा अतिरिक्त कोचों से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

रेलवे के इस कदम को यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। विशेष रूप से श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल यात्रा अधिक सहज बनेगी बल्कि आरक्षण को लेकर होने वाली परेशानियां भी कम होंगी।

यात्रियों के लिए खुशखबरी यह है कि अब अधिक सीटें उपलब्ध होने से कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ेगी और वैष्णो देवी की यात्रा पहले से कहीं अधिक आरामदायक बन सकेगी।