ओएचई फीडर वायर चोरी करने वाली गैंग का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार


फोटो नं0 102 आरपीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए सातों आरोपी

अलीगढ़। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट अलीगढ़ ने कुलवा-सोमना रेलवे स्टेशन के बीच ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) फीडर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में छह चोर और चोरी का माल खरीदने वाला एक कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 410 मीटर ओएचई फीडर वायर, एक वाहन, तार काटने की मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।आरपीएफ के अनुसार 28-29 मई 2026 की रात कुलवा-सोमना स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 1341-7एएफ से 1341-13एएफ के बीच ओएचई फीडर वायर चोरी होने की घटना सामने आई थी। मामले में आरपीएफ पोस्ट अलीगढ़ पर रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के खुलासे के लिए एएससी अलीगढ़ के निर्देशन में गठित टास्क टीम और सीआईबी अलीगढ़ ने घटनास्थल, हाईवे, स्थानीय बाजारों और आसपास के गांवों में लगे करीब 150 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल वाहन की पहचान हुई। इसके आधार पर 9 जून की रात आरोपियों को दोबारा वारदात की तैयारी करते समय किलोमीटर संख्या 1341-11एएफके पास दबोच लिया गया।पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर कबाड़ी मुजफ्फर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई पूरी वायर बरामद कर ली गई।