सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, कटरा-हरिद्वार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, कटरा-हरिद्वार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

जम्मू। सोमवती अमावस्या के अवसर पर माता वैष्णो देवी और हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष ट्रेन संचालन का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए श्री माता वैष्णो देवी कटरा और हरिद्वार के बीच विशेष आरक्षित ट्रेन चलाई जाएगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 04606 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 14 जून 2026 को शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04605 15 जून 2026 को शाम 5:20 बजे हरिद्वार से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7:00 बजे कटरा पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन केवल एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी।

पूरी तरह आरक्षित इस विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें स्लीपर, जनरल, एसी 3-टियर और एसी 2-टियर श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे। ट्रेन मार्ग में शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर और रुड़की सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि सोमवती अमावस्या के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन और धार्मिक यात्राओं के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने तथा यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने तथा केवल वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की है। टिकटों की उपलब्धता और आरक्षण संबंधी जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

उत्तर रेलवे ने श्रद्धालुओं से स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और यात्रा से पहले अपने आरक्षण की पुष्टि करने का भी अनुरोध किया है। रेलवे का उद्देश्य सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।