थर्मामीटर चढ़ा, लेकिन माता के भक्तों का उत्साह उससे भी ऊपर निकला

वैष्णो देवी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, रोजाना 50 हजार तक श्रद्धालु कर रहे दर्शन; भैरव धाम तक गूंज रहे जयकारे

कटड़ा। भीषण गर्मी भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं पा रही है। पवित्र श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने इन दिनों श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन 45 से 50 हजार तक श्रद्धालु कटड़ा पहुंचकर मां के दरबार में शीश नवा रहे हैं। यात्रा मार्ग, भवन परिसर और आधार शिविर कटड़ा हर समय भक्तों की चहल-पहल और "जय माता दी" के जयकारों से गूंज रहा है।

श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ उत्साहपूर्वक भवन की ओर बढ़ रहे हैं। मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव धाम पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं। भैरव घाटी तक जाने वाली केवल कार सेवा यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रही है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्राइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उत्कृष्ट प्रबंधन सुनिश्चित किया है। बैटरी कार, केवल कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सभी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा।

कटड़ा के बाजारों में भी रौनक चरम पर है। दर्शन के बाद श्रद्धालु प्रसाद, धार्मिक सामग्री और स्मृति चिह्नों की खरीदारी कर स्थानीय व्यापार को भी नई ऊर्जा दे रहे हैं।

आंकड़ों के अनुसार 9 जून को लगभग 48,600 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई, जबकि 10 जून को दोपहर 3 बजे तक ही करीब 26 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर यात्रा पर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन देर शाम तक लगातार जारी रहा।

आस्था, व्यवस्था और उत्साह का यह अद्भुत संगम दर्शाता है कि मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा हर दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।